
सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आपसी रंजिश के चलते एक युवक ने पड़ोसी रिश्तेदार के घर में घुसकर सो रहे परिवार पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक 9 वर्षीय मासूम बच्चा भी शामिल है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। यह घटना डोंगरीपाली थाना क्षेत्र के झाल गांव की है।

पुलिस के मुताबिक, 24 फरवरी की तड़के करीब 4:30 बजे आरोपी तुलसी सारथी (26) हथियार लेकर पड़ोसी के घर में घुसा और गहरी नींद में सो रहे परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया।

मौके पर दो की मौत, बच्चे ने रास्ते में तोड़ा दम
हमले में मंदो बाई सारथी (62) और राजेश सारथी (36) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल 9 वर्षीय प्रशांत सारथी ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, संजुक्ता सारथी (30) — जो गर्भवती बताई जा रही हैं — और कुमार साय सारथी (65) का अस्पताल में इलाज जारी है। दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक परिवार के बीच करीब पांच साल पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय गाली-गलौज हुई थी, हालांकि बाद में दोनों परिवारों के बीच सामान्य बातचीत होती रही। पुलिस अब इसी पुराने विवाद के एंगल से पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

आरोपी गिरफ्तार, पिता ने विवाद से किया इनकार
घटना के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन डोंगरीपाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पिता शौकीलाल सारथी ने बताया कि उनका बेटा मजदूरी के लिए बाहर रहता था और तीन दिन पहले ही गांव आया था। उन्होंने किसी बड़े विवाद से इनकार किया है।

पुलिस-प्रशासन मौके पर, गांव में दहशत
घटना की सूचना मिलते ही आञ्जनेय वाष्र्णेय और निमिषा पाण्डेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर जांच शुरू कर दी है। हत्याकांड के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। एहतियातन इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
