
रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के जुरुडांड बगीचा में गणेश विसर्जन के दौरान हुए हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और 22 अन्य घायल हुए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और घायलों के उचित इलाज एवं सहायता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं।

सीएम ने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। घटना के तुरंत बाद एसपी और कलेक्टर मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुखद समय में राज्य सरकार मृतकों और घायलों के परिवारों के साथ खड़ी है और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का समर्थन करते हुए सीएम ने बिहार में अपशब्दों के इस्तेमाल की निंदा की और कहा कि यह देश की महिलाओं के अपमान के समान है। उन्होंने कहा कि इसके राजनीतिक नतीजे RJD और कांग्रेस को भुगतने पड़ सकते हैं।

बस्तर में बाढ़ की स्थिति पर उन्होंने बताया कि 90 वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया है। सीएम ने बस्तर का दौरा कर हालात का जायजा लिया और बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। अधिकारियों ने भी एक दिन का वेतन दान किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा चिट्ठी भेजने पर सीएम ने कहा कि जनता पहले ही कांग्रेस को रिजेक्ट कर चुकी है और सरकार केवल जनता के हित में काम कर रही है।
