Saturday, March 28, 2026
Homeअन्य खबरे4 हाथियों ने चर्च पर बोला धावा, राशन और सामान भी किया...

4 हाथियों ने चर्च पर बोला धावा, राशन और सामान भी किया बर्बाद, ग्रामीणों का आरोप – बार-बार हो रहे हमले, वन विभाग अब तक नाकाम, ग्रामीणों में दहशत का माहौल…

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात हाथियों के झुंड ने एक बार फिर तांडव मचाते हुए बिलिक्स ईस्टर्न चर्च को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार चार हाथी देर रात कांसाबेल वन परिक्षेत्र अंतर्गत पोखराटोली पहुंचे और यहां स्थित चर्च पर धावा बोल दिया।

हाथियों ने चर्च की दीवार को तोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। यही नहीं, चर्च के पीछे बने एक कमरे में रखे बर्तन और राशन सामग्री को भी नुकसान पहुंचाया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का यह दल कई दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है और लगातार उत्पात मचा रहा है। ग्रामीणों में इस वजह से दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वन अमले ने बताया कि फिलहाल चार हाथी क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं, जिनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और देर रात घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से हाथियों का झुंड रिहायशी इलाकों में प्रवेश कर नुकसान पहुंचा रहा है। फसलों को रौंदने के साथ ही घरों और सार्वजनिक स्थलों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द समाधान की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

कांसाबेल के पोखराटोली क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष की गंभीरता को उजागर कर दिया है। अब देखना होगा कि वन विभाग इस समस्या से निपटने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts