
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पुलिस हिरासत से आरोपी के फरार होने के मामले में एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या है मामला?
थाना जैजैपुर में धारा 454 और 380 आईपीसी के तहत आरोपी सुरेंद्र पटेल, निवासी औराईकला चौकी नैला, को हिरासत में लिया गया था। उसे 18 मार्च की रात करीब 9 बजे थाने लाया गया था, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही थी।

ड्यूटी में चूक, आरोपी फरार
आरोपी की निगरानी के लिए प्रधान आरक्षक अनुप खलखो, आरक्षक रामनिवास उरांव, बज्नसेन लहरे और कामता मार्चे को तैनात किया गया था। लेकिन लापरवाही का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया।

एसपी का एक्शन
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। साथ ही उन्हें रक्षित केंद्र सक्ती से संबद्ध कर दिया गया है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
पुलिस का दावा
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
