छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में शराब दुकान के पास लूट: 78 लाख रुपये लूटकर फरार हुए बदमाश/
शराब दुकान के पास सिक्योरिटी गार्ड को गोली मारकर की लूट/

जांजगीर- चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर- चांपा जिले में खोखरा स्थित शराब दुकान के पास बदमाशों ने 78 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। घटना मंगलवार को शाम करीब साढ़े 5 बजे की है, जब शराब दुकानों से कैश कलेक्शन कर रही टीम पर हमला किया गया। बदमाशों ने सिक्योरिटी गार्ड के पैर में गोली मारी और फिर कैश लेकर फरार हो गए।

अलग अलग जगह कैश कलेक्शन करने निकली हुई थी टीम
टीम सुबह 10 बजे से कलेक्शन का काम कर रही थी। इसमें ड्राइवर अमन सिंह, कलेक्शन एजेंट धीरज सिंह और सिक्योरिटी गार्ड शैलेंद्र सिंह शामिल थे। वे अलग-अलग शराब दुकानों से कैश लेकर खोखरा शराब भट्टी पहुंचे थे। घटना के वक्त गाड़ी के बाहर खड़ा गार्ड शैलेंद्र सिंह बदमाशों से बहस कर रहा था, तभी एक बदमाश ने गोली चला दी।

घायल गार्ड को अस्पताल में भर्ती
वहीं सिक्योरिटी गार्ड को गोली लगने के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, फिर इलाज के लिए बिलासपुर भेजा गया। पुलिस और आबकारी विभाग ने घटना के बाद घटनास्थल का दौरा किया और बदमाशों की तलाश शुरू की।

आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
