
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला। वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के मोरन चौक के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान अंजनी गांव निवासी संतोष पटेल और उनके ससुर गिरजा शंकर पटेल के रूप में हुई है। दोनों किसी काम से बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों के शरीर के कई अंग सड़क किनारे बिखर गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और मौके का मंजर देख हर कोई सन्न रह गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और फरार ट्रक की तलाश तेज कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मोरन चौक क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही आम हो चुकी है। सड़क पर पर्याप्त निगरानी और स्पीड कंट्रोल के अभाव में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी करने की मांग भी उठाई है।
फिलहाल पुलिस ने मामले को जांच में लिया है और ट्रक चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। परिजनों के रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डाल दिया है।
