
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में स्थित मंगल स्पंज आयरन फैक्ट्री में एक दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम कर रहे एक मजदूर की लगभग 40 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। मृतक फैक्ट्री में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था और हादसे के समय वह मशीनों के पास काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि काम के दौरान सुरक्षा बेल्ट और अन्य सेफ्टी उपकरणों की अनुपलब्धता के चलते यह दुर्घटना हुई।

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री के अंदर सुरक्षा मानकों का पालन ठीक ढंग से नहीं किया जा रहा था। हादसे के बाद साथी मजदूरों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और फैक्ट्री गेट पर हंगामा करते हुए उचित मुआवजा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही बिल्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा उपकरणों की कमी और लापरवाही पहले भी कई बार सामने आ चुकी है, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन न्याय और मुआवजे की मांग को लेकर अड़े हुए हैं, जबकि प्रशासनिक अमला मामले की जांच में जुट गया है।
