Thursday, February 19, 2026
Homeअपराधफाइल आगे बढ़ाने की कीमत तय… रिश्वत लेते जनपद पंचायत का SDO...

फाइल आगे बढ़ाने की कीमत तय… रिश्वत लेते जनपद पंचायत का SDO को ACB ने रंगे हाथ दबोचा, 2 महीने पहले प्रमोट होकर बना था अधिकारी..!

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है। पलारी जनपद पंचायत में पदस्थ ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामला गिधपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भवानीपुर का है, जहां स्कूल के खेल मैदान में मुरूम बिछाने का कार्य कराया गया था। इस कार्य की लागत लगभग 10 लाख रुपये थी।

फाइल आगे बढ़ाने के बदले मांगी गई रिश्वत

जानकारी के अनुसार, कार्य पूरा हो जाने के बावजूद भुगतान और अंतिम मूल्यांकन लंबित था। आरोप है कि एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा ने फाइल जल्द आगे बढ़ाने और अनुकूल सत्यापन रिपोर्ट देने के बदले सरपंच से 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। बातचीत के बाद सौदा 80 हजार रुपये में तय हुआ। शिकायतकर्ता पहले ही 20 हजार रुपये दे चुका था, जबकि शेष राशि के लिए अधिकारी लगातार दबाव बना रहा था।

ACB ने बिछाया जाल, 25 हजार लेते ही पकड़ा गया अफसर

रिश्वत से परेशान होकर ग्रामीणों ने ACB रायपुर में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार (19 फरवरी) को दूसरी किस्त के रूप में 25 हजार रुपये दिए जाने थे। तय योजना के अनुसार, शिकायतकर्ता पैसे लेकर मौके पर पहुंचा। जैसे ही एसडीओ ने नकद राशि ली, पहले से तैनात 15 सदस्यीय एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की पूरी रकम जब्त कर ली गई।

गोपाल कृष्ण शर्मा पहले पलारी पंचायत में सब इंजीनियर था। प्रमोट होकर SDO बना था।
गोपाल कृष्ण शर्मा पहले पलारी पंचायत में सब इंजीनियर था। प्रमोट होकर SDO बना था।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी शामिल तो नहीं है। संबंधित फाइलों और दस्तावेजों की भी जांच जारी है।

जनपद कार्यालय में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद पलारी जनपद पंचायत कार्यालय में हड़कंप मच गया है। कर्मचारी सत्यापन और मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर चर्चा कर रहे हैं। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने एसीबी की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और ईमानदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts