
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सराफा कारोबारी से हुई सनसनीखेज लूट का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। छत्तीसगढ़ पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त अभियान में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना विजय लांबा है, जिसके खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 70 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले का खुलासा आईजी रामगोपाल गर्ग ने किया।

क्या है पूरा मामला
आईजी ने बताया कि 17 फरवरी की रात करीब 9:15 बजे सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी से लूट की वारदात हुई। रोज की तरह दुकान बंद कर वह सोने-चांदी के जेवरात और नकदी अपनी रेनॉल्ट क्विड कार से घर ले जा रहे थे। कॉलोनी के पास अंधे मोड़ पर पहले से खड़ी एक मारुति ईको कार ने जानबूझकर उनकी कार को टक्कर मारी। कार से उतरते ही बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए पिस्टल तान दी और हथौड़े व पिस्टल के बट से मारपीट कर कारोबारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी कार में रखे चार बैगों में भरे करीब 2 किलो सोना, 200 ग्राम सोने के जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 ग्राम फाइन गोल्ड और 3.50 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

ऐसे खुली गुत्थी
घटना के बाद आईजी के निर्देश पर बिलासपुर व रेंज के जिलों में नाकाबंदी की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच तेज की गई। मौके से एक सफेद ईको कार, पैशन प्रो बाइक, 10 जिंदा कारतूस और एक हथौड़ा बरामद हुआ। बाद में लूटी गई क्विड कार लावारिस हालत में मिली, जिससे फिंगरप्रिंट लिए गए।मुखबिरों से सूचना मिली कि आरोपी बिहार या उत्तर प्रदेश की ओर भागे हैं। इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने यूपी पुलिस से संपर्क किया।

यूपी में गिरफ्तारी
पुख्ता जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर चार आरोपियों—विनोद उर्फ बीनू, करीम खान, विजय लांबा और मोनू उर्फ राहुल—को गिरफ्तार किया। इनके पास से लूटे गए जेवरात, हथियार और वाहन बरामद किए गए। बाद में एक अन्य आरोपी इमरान, जो रेकी में शामिल था, को भी गिरफ्तार कर उसकी स्कॉर्पियो जब्त की गई।

मास्टरमाइंड विजय लांबा
पुलिस के अनुसार विजय लांबा शातिर अंतरराज्यीय अपराधी है और कई बड़ी लूट की वारदातों में उसका नाम सामने आ चुका है। उससे पूछताछ में अन्य राज्यों की घटनाओं के भी खुलासे की उम्मीद है। बिलासपुर पुलिस की टीम मिर्जापुर पहुंचकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे लूट के सामान की रिकवरी कर ली गई है और मामले में आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- विजय लांबा – निवासी उत्तम नगर, दिल्ली
- मोनू उर्फ राहुल – निवासी गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश
- विनोद उर्फ बीनू – निवासी कोटा, राजस्थान
- करीम खान – निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश
- इरफान अली – निवासी टिकरापारा, बिलासपुर
