Homeअन्य खबरेDMF घोटाले में अनिल टूटेजा को झटका, हाईकोर्ट ने खारिज की अग्रिम...

DMF घोटाले में अनिल टूटेजा को झटका, हाईकोर्ट ने खारिज की अग्रिम जमानत…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित DMF (जिला खनिज न्यास) घोटाले में पूर्व IAS अधिकारी अनिल टूटेजा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने मामले की गंभीरता और गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका को देखते हुए गिरफ्तारी से पहले राहत देने से इनकार कर दिया।

जानिए क्या है पूरा मामला?

DMF की राशि से कराए गए विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और अवैध लेन-देन की जांच ED कर रही है। एजेंसी का आरोप है कि सरकारी बीज निगम के माध्यम से विभिन्न कार्यों के ठेके और सप्लाई ऑर्डर दिलाने में बिचौलियों की भूमिका रही। इसके बदले 20 से 50 प्रतिशत तक कमीशन वसूले जाने का आरोप है। ED की जांच में मां गंगा एंटरप्राइजेज और यश एंटरप्राइजेज को वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2022-23 के बीच DMF और अन्य सरकारी मदों से 47.17 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किए जाने की बात सामने आई है। जांच एजेंसी का दावा है कि इन कामों के बदले 20 से 25 प्रतिशत तक अवैध कमीशन लिया गया।

एक करोड़ रुपये कमीशन लेने का आरोप

ED ने अपनी पूरक अभियोजन शिकायत में व्हाट्सएप चैट और विभिन्न लोगों के बयानों का हवाला देते हुए अनिल टूटेजा पर कथित तौर पर एक करोड़ रुपये नकद कमीशन लेने का आरोप लगाया है। एजेंसी का दावा है कि इस पूरे नेटवर्क में प्रशासनिक प्रभाव का इस्तेमाल कर चुनिंदा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को काम दिलाया गया। हालांकि, अनिल टूटेजा की ओर से इन आरोपों को खारिज किया गया। बचाव पक्ष ने कोर्ट में दलील दी कि वे DMF से संबंधित विभाग में पदस्थ नहीं थे और न ही संबंधित ठेकों की फाइलों या निर्णय प्रक्रिया में उनकी कोई भूमिका थी। उनके वकीलों ने कहा कि शुरुआती ECIR और आरोपपत्र में उनका नाम नहीं था तथा उनके खिलाफ सीधे तौर पर धन लेने का प्रमाण भी नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी जिक्र

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के 16 सितंबर 2025 के उस फैसले का भी उल्लेख हुआ, जिसमें एक अन्य मामले में अनिल टूटेजा को मिली अग्रिम जमानत निरस्त कर दी गई थी। हाईकोर्ट ने कहा कि सह-आरोपियों को न्यायिक हिरासत में रहने के बाद मिली नियमित जमानत का आधार बनाकर अग्रिम जमानत की मांग स्वीकार नहीं की जा सकती।

50 करोड़ की संपत्तियां कुर्क करने का दावा

ED के मुताबिक, DMF घोटाले में करीब 35 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित आय का पता चला है। जांच एजेंसी ने 29 अक्टूबर 2026 को 31.70 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। इसके बाद इस मामले में कुल कुर्क संपत्तियों का आंकड़ा करीब 50 करोड़ रुपये तक पहुंचने का दावा किया गया है।

वहीं, 30 अक्टूबर 2026 को विशेष PMLA कोर्ट में सतपाल सिंह छाबड़ा और मंदीप चावला समेत 17 आरोपियों के खिलाफ पूरक अभियोजन शिकायत दाखिल की गई थी। ED इस मामले में IAS अधिकारी रानू साहू और कारोबारी सतपाल सिंह छाबड़ा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

फिलहाल हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत नहीं मिलने के बाद अनिल टूटेजा को गिरफ्तारी से पहले कानूनी राहत नहीं मिल सकी है। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान की गई टिप्पणियों का असर मामले के ट्रायल पर नहीं पड़ेगा। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts