Homeअपराधबिलासपुर में धान की कमी मिलने पर दो राइस मिल सील, 20...

बिलासपुर में धान की कमी मिलने पर दो राइस मिल सील, 20 मिलर्स को नोटिस; 66 हजार क्विंटल से ज्यादा धान गायब

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कस्टम मिलिंग के तहत धान उठाव और चावल जमा करने में लापरवाही बरतने वाले राइस मिलर्स पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भौतिक सत्यापन के दौरान दो राइस मिलों में 66 हजार क्विंटल से अधिक धान की कमी मिलने पर दोनों मिलों को सील कर दिया गया है। वहीं, चावल जमा करने में पीछे चल रहे 20 अन्य मिलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने 26 नवंबर को कोटा स्थित राजमुनि एग्रो राइस मिल और बिलासपुर के बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल में जांच की। इस दौरान रिकॉर्ड में दर्ज धान और मिल परिसर में उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया गया। जांच में राजमुनि एग्रो राइस मिल में सबसे ज्यादा 36,916.4 क्विंटल धान की कमी मिली। वहीं, बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल में 29,150 क्विंटल धान कम पाया गया। दोनों मिलों को मिलाकर कुल 66,066.4 क्विंटल धान की कमी सामने आई है।

आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज

भौतिक सत्यापन में इतनी बड़ी मात्रा में धान की कमी मिलने के बाद प्रशासन ने दोनों राइस मिलों को सील कर दिया है। साथ ही आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। दरअसल, खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समितियों और संग्रहण केंद्रों से उठाए गए धान के बदले मिलर्स को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में निर्धारित मात्रा में चावल जमा करना है। इसके लिए प्रशासन लगातार मिलिंग और चावल जमा करने की प्रगति की समीक्षा कर रहा है।

20 मिलर्स को भी थमाया नोटिस

खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर के मुताबिक, निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप चावल जमा नहीं करने वाले 20 राइस मिलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें लापरवाही बरतने वाले मिलर्स के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य राइस मिलर्स में भी हड़कंप मचा हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts