
अंबिकापुर। पांच रुपये के ट्रैक्टर छाप पुराने नोट के बदले एक लाख रुपये मिलने का लालच एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। फेसबुक पर दिखे एक विज्ञापन के झांसे में आकर उसने न सिर्फ दो बैंक खाते खुलवाए, बल्कि अनजाने में अपने बैंक खातों को साइबर ठगों के हवाले कर दिया। इन खातों का इस्तेमाल देश के चार राज्यों में ऑनलाइन ठगी की रकम के लेनदेन के लिए किया गया। मामले में अंबिकापुर की कोतवाली पुलिस ने म्यूल अकाउंट के खाताधारक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास लकड़ा (40), पिता सुरेश लकड़ा, निवासी लक्ष्मीपुर तेन्दुपारा, अंबिकापुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जुलाई-अगस्त 2024 के दौरान फेसबुक पर उसे एक विज्ञापन दिखाई दिया था। इसमें दावा किया गया था कि पांच रुपये के ट्रैक्टर छाप नोट के बदले एक लाख रुपये दिए जाएंगे। ज्यादा रकम मिलने के लालच में उसने विज्ञापन में दिए गए संपर्क पर बात की।

RBI अधिकारी बनकर ठगों ने बुना जाल
संपर्क करने के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे फोन किया और खुद को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का अधिकारी बताया। कथित अधिकारी के कहने पर विकास ने अगस्त 2024 में पंजाब नेशनल बैंक और सितंबर 2024 में केनरा बैंक में दो बैंक खाते खुलवाए। हैरानी की बात यह है कि दोनों खातों में आरोपी के बजाय ठगों की ओर से उपलब्ध कराया गया मोबाइल नंबर दर्ज कराया गया। इसके बाद वेरिफिकेशन का हवाला देकर दोनों बैंकों के एटीएम कार्ड भी कूरियर के माध्यम से राजस्थान के भिवाड़ी स्थित पते पर भेज दिए गए। कुछ समय बाद जब ठगों ने संपर्क करना बंद कर दिया, तब आरोपी ने अपने बैंक खातों में खुद का मोबाइल नंबर अपडेट कराया।

चार राज्यों में साइबर ठगी से जुड़े मिले खाते
मामले का खुलासा तब हुआ, जब भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच की गई। पुलिस को पता चला कि विकास के दोनों बैंक खातों के खिलाफ आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में साइबर ठगी से संबंधित ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि इन खातों का इस्तेमाल कथित तौर पर ठगी की रकम प्राप्त करने और उसके लेनदेन के लिए किया गया था। ऐसे खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है, जिनका उपयोग साइबर अपराधी अवैध रकम के लेनदेन में करते हैं।
पासबुक जब्त, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस मुख्यालय रायपुर से मिले निर्देशों के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान दोनों बैंकों की पासबुक ई-साक्ष्य के रूप में जब्त की गईं। आरोपी के खिलाफ अपराध से जुड़े साक्ष्य मिलने पर थाना कोतवाली में धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने विकास लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
