
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। मोहन नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृत छात्रा की पहचान दिशा माथनकर (15 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सिकोला बस्ती के आगे जयंती नगर की रहने वाली थी और दुर्ग पब्लिक स्कूल में कक्षा 10वीं की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर उसने घर में ही यह आत्मघाती कदम उठाया।

जब परिजनों ने दिशा को फांसी के फंदे पर लटका देखा, तो परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस का कहना है कि छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
