
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। गंज थाना क्षेत्र के नागोराव गली अंडरब्रिज के पास देर रात की गई कार्रवाई में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नगदी, मोबाइल फोन और लग्जरी गाड़ियां बरामद हुई हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 92.50 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अंडरब्रिज के पास खड़ी थार और नेक्सा कार में बैठकर मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर मौके से सभी आरोपियों को धर दबोचा।

बरामदगी में क्या मिला
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों से
- 37.50 लाख रुपए नकद
- 10 मोबाइल फोन
- 2 महिंद्रा थार
- 1 नेक्सा एक्सएल कार
जब्त की है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए लोगों में रखब देव पाहुजा, पीयूष जैन, जितेंद्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू, दीपक अग्रवाल, कमल राघवानी और सचिन जैन शामिल हैं।

ऐसे चला रहे थे सट्टा नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी jmdbet777.com और Classic777.com जैसी वेबसाइटों के जरिए मास्टर आईडी बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिला रहे थे। पुलिस द्वारा दस्तावेज मांगे जाने पर वे कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह सिर्फ शुरुआती कार्रवाई है। गिरोह के डिजिटल लेन-देन, नेटवर्क और अन्य संभावित लिंक की गहन जांच जारी है। आने वाले समय में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
