
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक बस चालक ने अपने ही घर में खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। आग की लपटों में झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के नगर लोडिंग साइड की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतक की पहचान मिथलेश साहू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कांकेर जिले का रहने वाला था और कच्चे माइंस में बस चालक के रूप में काम करता था। वह प्रतिदिन माइंस में कार्यरत कर्मचारियों को लाने-ले जाने का काम करता था। आज उन्होंने खुद पर आग लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली।

घटना की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से आत्महत्या में प्रयुक्त केरोसिन का डिब्बा और अन्य सामान बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही चल पाएगा।

मिथलेश दो छोटे बच्चों का पिता था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस घटना से गमगीन हैं और सभी इस सवाल से जूझ रहे हैं कि आखिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही घटना के पीछे के कारणों का खुलासा करने की बात कही है।
