Thursday, February 12, 2026
Homeअपराधमॉर्निंग वॉक पर निकले व्यापारी की तालाब में मिली लाश, इलाके में...

मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यापारी की तालाब में मिली लाश, इलाके में मचा हड़कंप, हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस…

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति की लाश तालाब में मिली। मृतक की पहचान कटघोरा निवासी और कपड़ा व्यवसायी जुगल अग्रवाल के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए।

जानकारी के अनुसार, जुगल अग्रवाल रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान वे राधासागर तालाब के पास पहुंचे और वहां हाथ-पैर धोने लगे। तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वे तालाब में जा गिरे। बताया जा रहा है कि आसपास मौजूद बच्चों ने उन्हें पानी से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी।

मृतक जुगल अग्रवाल कटघोरा के जाने-माने कपड़ा व्यापारी थे और उनकी अंबिकापुर–कटघोरा मुख्य मार्ग पर “जुगल क्लॉथ स्टोर” नाम से दुकान संचालित थी। व्यवसायिक जगत में उनकी अच्छी पहचान थी, वहीं अचानक हुई मौत से परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे का कारण तालाब में फिसलकर गिरना प्रतीत हो रहा है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की जांच प्रक्रिया जारी है।

इस दुखद घटना ने पूरे कस्बे को स्तब्ध कर दिया है। लोग इसे दुर्भाग्यपूर्ण हादसा मानते हुए शोक व्यक्त कर रहे हैं और परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts