
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर मारपीट का मामला सामने आया है। आमानाका थाना क्षेत्र स्थित हर्षित फॉर्चुना अपार्टमेंट में एक प्रॉपर्टी डीलर को खाना खाने जाना महंगा पड़ गया। अपार्टमेंट में रहने वाली महिला के घर पहुंचे डीलर पर महिला के ही परिवारजनों और ससुराल पक्ष ने हमला कर दिया। उन्होंने न सिर्फ डीलर की पिटाई की, बल्कि महिला को भी बेरहमी से पीटा।
अपार्टमेंट में घुसकर की मारपीट
जानकारी के अनुसार, भवानी नगर निवासी ईश्वर साहू समाज सेवा और प्रॉपर्टी डिलिंग का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 30 अक्टूबर की शाम वे हर्षित फॉर्चुना अपार्टमेंट में रहने वाली एक महिला के घर भोजन करने पहुंचे थे। तभी वहां महिला का परिवार और ससुराल पक्ष के लोग आ धमके और गाली-गलौज करते हुए दोनों पर हमला बोल दिया।
पहले भी कर चुके हैं हमला
पीड़ित ईश्वर साहू ने बताया कि महिला के परिवारजन पहले भी उनके साथ मारपीट कर चुके हैं। इस बार हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें अपने बेटे-बेटी सहित 10 लोगों के नाम शामिल किए हैं।
पुलिस ने दर्ज की FIR
आमानाका थाना पुलिस ने शिकायत पर 10 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।


