
बिलासपुर। बिलासपुर शहर में उस्लापुर स्टेशन के पास एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पंप हाउस के समीप स्थित टैंक में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में तैरता हुआ मिला। शव दिखते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान सतीश तिवारी के रूप में हुई है। सतीश बीते दो दिनों से लापता था और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई थी। आज टैंक में शव मिलने के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव पानी में लंबे समय से पड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल, पुलिस मामले की आगे जांच में जुट गई है।
