
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे सिमगा क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। आग लगते ही कार में सवार चार लोग तुरंत बाहर कूदे और अपनी जान बचाने में सफल रहे। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, कार बिलासपुर से रायपुर की ओर आ रही थी। सिमगा थाना क्षेत्र अंतर्गत दरचुरा गांव के पास वाहन से अचानक धुआं उठने लगा। चालक ने स्थिति भांपते हुए कार सड़क किनारे रोकी, लेकिन कुछ ही पलों में कार ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते लपटों में घिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे देखकर दहशत में हैं।
