
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पदस्थ DSP तोमेश वर्मा पर दंतेवाड़ा में बीच शहर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 19 दिसंबर को कोर्ट संबंधी कार्य से सुकमा से दंतेवाड़ा पहुंचे DSP पर एक महिला और उसके पुरुष साथी ने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में DSP गंभीर रूप से घायल हो गए, हालांकि डॉक्टरों के अनुसार अब उनकी हालत खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार, हमले में शामिल महिला दुर्ग जिले की रहने वाली है, जो करीब 400 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर दंतेवाड़ा पहुंची थी। बताया जा रहा है कि यही महिला करीब एक साल पहले DSP तोमेश वर्मा पर दुष्कर्म का आरोप लगा चुकी है और दुर्ग के मोहननगर थाने में FIR भी दर्ज कराई थी। महिला पहले से शादीशुदा बताई जा रही है।

हमले से पहले की गई रेकी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला और उसका साथी, रिटायर्ड फौजी रमाशंकर साहू, एक दिन पहले ही दुर्ग से सुकमा पहुंचे थे और DSP की गतिविधियों की रेकी की थी। 19 दिसंबर को जैसे ही DSP कोर्ट के लिए सुकमा से दंतेवाड़ा पहुंचे, आरोपी भी उनके पीछे दंतेवाड़ा पहुंच गए।
बीच शहर में एक बाइक शोरूम के पास DSP के रुकते ही महिला उनसे बातचीत करने के बहाने पास पहुंची। इसी दौरान पीछे से रमाशंकर साहू ने चाकू से DSP के गले पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले में DSP गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उन्होंने साहस दिखाते हुए हमलावर को जमीन पर पटक दिया।

मौके पर ही दबोचे गए आरोपी
DSP को अकेले जूझता देख आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और हमलावर को पकड़ लिया। भीड़ ने आरोपी से चाकू छीनकर उसे डिवाइडर में लगे लोहे के पोल से बांध दिया। कुछ ही देर में दंतेवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और महिला सहित दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

मर्डर की नीयत से आए थे आरोपी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी हत्या की पूरी योजना बनाकर आए थे और अपने साथ बड़ा चाकू लेकर पहुंचे थे। इसी हथियार से DSP पर वार किया गया। घायल DSP को तत्काल जिला अस्पताल दंतेवाड़ा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

पूर्व CM का बयान
घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस घटना से छत्तीसगढ़ भयभीत है और जब पुलिस ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं।
पुलिस जांच जारी
दंतेवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन ने बताया कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हमला किसी पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
