
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है। पार्टी के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पद की नियुक्ति के लिए 5 से 7 लाख रुपए तक की मांग की जा रही है। इस संबंध में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बृहस्पति सिंह ने दावा किया कि सरगुजा संभाग के कई जिलों से जानकारी मिल रही है कि एक शख्स, जो खुद को कांग्रेस की सह प्रभारी जरिता मैडम का सेक्रेटरी बताता है, जिला अध्यक्ष बनने के इच्छुक नेताओं से फोन कर रुपए की डिमांड कर रहा है। बताया जा रहा है कि फोन पर एक महिला की आवाज सुनाई देती है, जिसे कुछ लोग पहचानते हैं और कुछ नहीं। कॉल करने वाला व्यक्ति यह कहता है कि “पैसा देने के बाद आपको जिलाध्यक्ष बना दिया जाएगा।”
जरिता के खिलाफ कार्रवाई की मांग
पूर्व विधायक ने कांग्रेस की सह प्रभारी जरिता पर भी सवाल उठाए हैं और कहा है कि इस तरह के मामलों में पार्टी को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने पारदर्शिता के लिए जो नई व्यवस्था लागू की है, उसे अगर सही तरीके से लागू किया जाए तो कांग्रेस दोबारा सत्ता में लौट सकती है।”
पूर्व प्रभारी शैलजा कुमारी पर भी लगे आरोप
अपने वायरल वीडियो में बृहस्पति सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन कांग्रेस प्रभारी शैलजा कुमारी ने पैसे लेकर टिकट बांटे थे, जिससे पार्टी को भारी नुकसान हुआ और सत्ता से बाहर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि इसी कारण शैलजा कुमारी को बाद में दरकिनार कर दिया गया।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस हाईकमान इस पूरे मामले पर क्या कदम उठाता है और क्या वाकई आरोपों की जांच की जाती है या नहीं।

