
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सतरंगा-लेमरू मार्ग पर अचानक भूस्खलन होने से सड़क पर भारी मलबा जमा हो गया। पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सीधे मुख्य मार्ग पर आ गिरा, जिसके कारण गढ़-लेमरू मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। घटना बालको थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक तेज आवाज के साथ पहाड़ का हिस्सा खिसककर नीचे गिर पड़ा। देखते ही देखते सड़क पर पत्थर और मिट्टी का विशाल ढेर लग गया, जिससे दोनों ओर से यातायात पूरी तरह से रुक गया। घटना के वक्त सड़क से कुछ वाहन गुजर रहे थे, लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। हालांकि, छोटे वाहनों को वापस लौटना पड़ा और बड़े वाहन वहीं फंसकर रह गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। राहत और बचाव कार्य के लिए जेसीबी मशीन मंगाई गई है और सड़क से मलबा हटाने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन भारी मात्रा में गिरे मलबे और बड़े पत्थरों के कारण मार्ग को सुचारू करने में समय लग सकता है।

ग्रामीणों और राहगीरों को फिलहाल वैकल्पिक रास्तों से जाने की सलाह दी गई है। वहीं, प्रशासन ने मार्ग से अनावश्यक रूप से गुजरने वालों को दूर रहने की अपील की है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

यह मार्ग कोरबा और लेमरू क्षेत्र को जोड़ने वाली प्रमुख कड़ी है। इसके बाधित होने से ग्रामीणों को आवागमन और सामान की आपूर्ति में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल प्रशासन पूरी कोशिश में जुटा है कि जल्द से जल्द मलबा हटाकर सड़क को बहाल किया जा सके।
