
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगला चौक में पैसों के लेनदेन को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। घरेलू कहासुनी के दौरान पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, दंपती के बीच काफी समय से पैसों को लेकर तनाव चल रहा था। इसी मुद्दे पर हुए झगड़े ने अचानक खतरनाक मोड़ ले लिया। गुस्से में आकर पति ने पत्नी पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों घायलों को सिम्स अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार, पत्नी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जबकि पति का भी इलाज जारी है।

पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और पैसों के लेनदेन को ही घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस दोनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
इस वारदात के बाद मंगला चौक इलाके में दहशत का माहौल है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
