
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के सीतापुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ पति–पत्नी पर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपियों द्वारा दंपति को बुरी तरह पीटते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि विवाद लंबे समय से चल रहा था, लेकिन अचानक स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आरोपियों ने दंपति पर जानलेवा हमला कर दिया।

हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफ़र कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दंपति के सिर, हाथ और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सूर पकरीखार की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मारपीट करने वाले आरोपियों की पहचान कर ली है। दो आरोपियों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कर ली गई है, जबकि पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और हमले की वजहों की भी जांच कर रही है।

पुलिस टीम गाँव में पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना कर चुकी है और वायरल वीडियो के आधार पर भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जमीन विवाद के पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर रोष है और ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित दंपति को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
