
रायपुर। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर, दुर्ग, बलौदा बाजार और मध्यप्रदेश के अलग-अलग इलाकों में एक साथ की गई छापेमारी में साइबर ठगी से जुड़े 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना द्वारा की गई, जिसमें म्यूल बैंक अकाउंट (दूसरों के नाम पर खुले बैंक खाते) के जरिए हो रही साइबर ठगी की गहन जांच की गई।

आईजी अमरेश मिश्रा ने साइबर क्राइम पोर्टल पर रिपोर्ट किए गए म्यूल बैंक अकाउंट की जांच के लिए विशेष योजना तैयार कर रेंज साइबर थाना को निर्देशित किया था। इसके बाद साइबर क्राइम पोर्टल में दर्ज शिकायतों, बैंक खातों में हुए संदिग्ध लेनदेन, एक ही व्यक्ति के नाम पर कई बैंक अकाउंट, फर्जी सिम कार्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई।

ऐसे करते थे ठगी
जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक अकाउंट खुलवाकर उनका इस्तेमाल शेयर ट्रेडिंग के नाम पर बने फर्जी ऐप, क्रिप्टो करेंसी निवेश, गूगल रिव्यू टास्क, टेलीग्राम टास्क, बैंक केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन गेमिंग और गूगल सर्च जैसे तरीकों से साइबर ठगी के लिए करते थे। कई आरोपी अपने बैंक खाते किराए (रेंट बेसिस) पर देते थे, जबकि कुछ लोग ठगी की रकम का 10 से 20 प्रतिशत कमीशन लेकर अन्य अपराधियों को खाते उपलब्ध कराते थे।

8 टीमें, कई जिलों में कार्रवाई
रेंज साइबर थाना और रायपुर जिले के विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की कुल 8 अलग-अलग टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। जांच में यह भी सामने आया कि कई म्यूल बैंक अकाउंट दूसरे व्यक्तियों के नाम पर खोले गए थे, जिनके पीछे एजेंट और फर्जी सिम कार्ड विक्रेता भी सक्रिय थे।

करोड़ों की रकम होल्ड
पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों में साइबर ठगी से जुड़ी करीब 2 करोड़ रुपये की राशि होल्ड कराई है। यह रकम देश के विभिन्न राज्यों के पीड़ितों की है, जिनसे संपर्क कर कानूनी प्रक्रिया के तहत पैसा वापस कराया जाएगा। पुलिस के अनुसार, पिछले 11 महीनों में साइबर फ्रॉड के मामलों में फर्स्ट लेयर बैंक खातों में होल्ड कराई गई 7 करोड़ रुपये की राशि को पीड़ितों को लौटाने के लिए न्यायालय से आदेश प्राप्त किया गया, जिसमें से अब तक 4 करोड़ रुपये से अधिक की रकम पीड़ितों को वापस की जा चुकी है।
1236 मामलों में दर्ज हैं नाम
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों के विभिन्न थानों में कुल 1236 शिकायतें दर्ज होना सामने आया है। जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि 77.35 लाख रुपये के अपराध की जांच में जिन बैंक खातों का उपयोग किया गया, उनमें कुल 174.5 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ है, जो इस नेटवर्क के बड़े पैमाने पर सक्रिय होने की पुष्टि करता है।
छह बड़े केस दर्ज
पुलिस ने अलग-अलग बैंकों में खुले म्यूल अकाउंट से जुड़े छह प्रमुख मामलों में कार्रवाई की है। इनमें इंडसइंड बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, डीसीबी बैंक, आईडीबीआई बैंक, यूको बैंक और पंजाब नेशनल बैंक की रायपुर शाखाओं में खुले खातों से करोड़ों की साइबर ठगी सामने आई। इन मामलों में थाना माना, देवेंद्र नगर, सिविल लाइन, तेलीबांधा और राखी थानों में अपराध दर्ज कर कुल 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
आगे और गिरफ्तारी की तैयारी
पुलिस पूछताछ में कई और लोगों के नाम सामने आए हैं, जो इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए करते थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी लालच में आकर अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक या ओटीपी किसी को न दें। साइबर ठगी से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल या नजदीकी पुलिस थाने में दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
गिरफ्तार आरोपी
1 शुभम साहू पिता मनोहर साहू उम्र 22 वर्ष पता श्रीनगर रायपुर
2 पुलकित कुकरेजा स्वर्गीय श्री लक्ष्मण कुकरेजा उम्र 37 वर्ष पता हीरापुर रायपुर
3 रोहित पीरमानी पिता रमेश पीरमानी उम्र 44 वर्ष पता फाफाडीह गली नंबर 3 रायपुर
4 प्रवीण सोनी युगल किशोर सोनी उम्र 26 वर्ष पता तिल्दा जिला रायपुर
5 अब्दुल हिदायत खान पिता फिरोज खान उम्र 24 वर्ष पता संजय नगर टिकरापारा रायपुर
6 शुभम नागवानी पिता विनोद नागवानी उम्र 30 वर्ष, पता पुरानी बस्ती रायपुर
7 दइतारी दीप पिता दामजी दीप उम्र 33 वर्ष पता गुड़ियारी रायपुर
8 पोषण ओझा पिता रमेश ओझा उम्र 22 वर्ष पता आमानाका रायपुर
9 संभव यादव पिता विजय यादव उम्र 28 वर्ष पता पुरानी बस्ती रायपुर
10 मनीष कुमार सेन पिता गोरेलाल सेन उम्र 26 वर्ष पता पुरानी बस्ती रायपुर
11 योगेश यादव पिता संतोष यादव उम्र 20 वर्ष पता गुढ़ियारी रायपुर
12 मनीष मेश्राम पिता खोमलाल मेश्राम उम्र 27 वर्ष पता अमलेश्वर जिला दुर्ग
13 अजय कुमार पिता रविदास उम्र 26 वर्ष पता शांति इनक्लेव रायपुरा
14 प्रकाश सिंह पिता अरुण सिंह उम्र 42 वर्ष पता डी डी नगर रायपुर
15 धर्मेंद्र कुमार देशमुख पिता हरकुमार देशमुख उम्र 35 वर्ष पता रिसाली भिलाई जिला दुर्ग
16 मनोज वर्मा पिता ढेलूराम वर्मा उम्र 32 वर्ष पता धरसींवा रायपुर
17 कृष्णा निषाद पिता मोती राम उम्र 21 वर्ष पता आरंग जिला रायपुर
18 प्रतिक कुमार श्रीवास पिता स्व अजय श्रीवास उम्र 31 वर्ष पता ख़मतराई जिला रायपुर
19 रुपेश सिन्हा पिता लाला राम सिन्हा उम्र 30 वर्ष पता रामसागरपारा जिला रायपुर
20 पवन सदानी पिता चौइथ राम सदानी उम्र 40 वर्ष पता गुढ़ियारी रायपुर
21 गोपी वर्मा पिता मंतराम वर्मा उम्र 32 पता धरसींवा जिला रायपुर
22 नारायण कोसरिया उर्फ़ गोलू पिता स्व शिवकुमार कोसरिया उम्र 36 वर्ष पता कोटा जिला रायपुर
23 मनीष बुलानी पिता परसराम बुलानी उम्र 29 वर्ष पता पंडरी जिला रायपुर
24 क्रिस्टोफर लौरेंस पिता स्व विजय लौरेंस उम्र 31वर्ष पता तेलीबांधा जिला रायपुर
25 रवि वाधवानी पिता स्व ज्ञानचंद वाधवानी उम्र 34 वर्ष पता भाटापारा
