
बिलासपुर। बिलासपुर जिले की बोदरी नगर पालिका में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बुधवार को एसीबी की टीम ने उप अभियंता के सहायक सुरेश सीहोर को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर भवन निर्माण का नक्शा पास कराने के बदले आवेदक से अवैध राशि की मांग करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने एसीबी से शिकायत कर बताया था कि नगर पालिका में नक्शा स्वीकृति के नाम पर रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। इस अचानक छापेमारी से नगर पालिका कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।

कार्रवाई के दौरान एसीबी ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। इसके साथ ही मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से भी पूछताछ की जा रही है।

जांच एजेंसी को आशंका है कि इस पूरे प्रकरण में अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता भी हो सकती है। एसीबी का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। यह कार्रवाई नगर पालिका में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश मानी जा रही है।
