
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण औद्योगिक हादसा हो गया। भाटापारा थाना क्षेत्र के बकुलाही इलाके में स्थित एक स्पंज आयरन प्लांट में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में अब तक 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 4 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, प्लांट में क्लिनिकल फर्नेस के संचालन के दौरान अचानक ब्लास्ट हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए और कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रशासन के अनुसार, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। शुरुआती जांच में विस्फोट का कारण तकनीकी खराबी या अत्यधिक दबाव बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
इस घटना पर छत्तीसगढ़ सरकार ने संज्ञान लेते हुए मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल प्लांट में कामकाज रोक दिया गया है और जांच एजेंसियां हादसे के कारणों की पड़ताल में जुटी हुई हैं।
