Saturday, March 28, 2026
Homeअपराधनाबालिग पर प्लान बनाकर हमला, बातचीत के बहाने बुलाकर चाकू से वार,...

नाबालिग पर प्लान बनाकर हमला, बातचीत के बहाने बुलाकर चाकू से वार, 7 नाबालिगों पर कार्रवाई, अन्य की तलाश जारी…

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र के पंप हाउस इलाके में शुक्रवार को एक नाबालिग पर सुनियोजित हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि उसे बातचीत के बहाने बुलाया गया, जहां पहले से मौजूद एक दर्जन से अधिक युवकों ने उस पर धावा बोल दिया। मारपीट के दौरान एक नाबालिग हमलावर ने उस पर चाकू से वार कर दिया। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन शरीर पर गहरी चोटों के निशान हैं और इलाज जारी है।

प्रेम प्रसंग और पुरानी दुश्मनी बनी वजह

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमले के पीछे प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश की आशंका है। बताया जा रहा है कि पहले से चले आ रहे विवाद को सुलझाने के नाम पर नाबालिग को बुलाया गया था, लेकिन वहां उसके साथ हिंसक वारदात को अंजाम दे दिया गया। हमले में शामिल आरोपी आरामशीन क्षेत्र के बताए जा रहे हैं, जबकि पीड़ित पंप हाउस इलाके का निवासी है।

7 नाबालिगों पर कार्रवाई, अन्य की तलाश जारी

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चौकी प्रभारी भीमसेन ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर 7 नाबालिग आरोपियों की पहचान कर उन्हें तलब किया है।

इनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। जांच के दौरान आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और वारदात में उपयोग किए गए कुछ सामान भी बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी है और जल्द ही उन्हें हिरासत में लेने की बात कही जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts