
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक बार फिर सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। महाराणा प्रताप चौक के पास ऑटो चालक और एक युवक के बीच हुए झगड़े ने शहर में हंगामा खड़ा कर दिया। बताया जा रहा है कि ऑटो में बैठे युवक और चालक के बीच किराए के पैसों को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑटो चालक ने पहले युवक के साथ बदसलूकी की और फिर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसी बीच युवक ने भी पलटवार करते हुए ऑटो चालक को पीट दिया। दोनों के बीच हुई यह मारपीट सड़क पर देख रहे लोगों के लिए तमाशा बन गई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
घटना का पूरा वीडियो किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। वीडियो में दोनों एक-दूसरे पर लगातार हमला करते नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस तरह की घटनाओं ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
