
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक बेटे ने अपने ही पिता की हसिया से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संतोष साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका अपने बेटे राहुल साहू से लंबे समय से पैसों और बाइक खरीदने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान गुस्से में आकर आरोपी बेटे ने पिता पर हसिया से जानलेवा हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल संतोष साहू को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी बेटे राहुल साहू को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
