
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के गातापार थाना क्षेत्र अंतर्गत CAF बटालियन कैंप से एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक CAF जवान ने अपने ही साथी जवान पर सर्विस राइफल से गोली चला दी, जिससे जवान की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कैंप में सोते समय हुई फायरिंग
घटना घाघरा गांव स्थित CAF कैंप की है। बताया जा रहा है कि रविवार रात भोजन के बाद सभी जवान कैंप में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी जवान अरविंद गौतम वहां पहुंचा और अपने साथी जवान सोनवीर जाट पर अचानक फायरिंग कर दी।

हाथ को चीरते हुए गाल में लगी गोली
गोली पहले सोनवीर जाट के हाथ को पार करती हुई उसके गाल में जा लगी। गंभीर रूप से घायल जवान को अन्य साथी सोमवार सुबह जिला मुख्यालय के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश कारण हो सकती है। पुलिस ने आरोपी अरविंद गौतम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं मृतक जवान सोनवीर जाट उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। जवान की मौत की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि हाल ही में नारायणपुर जिले में भी एक हादसा सामने आया था, जहां डीआरजी के एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन से लौटते समय एक जवान के हाथ से एक्सीडेंटल फायरिंग हो गई थी। इस हादसे में आरक्षक बलदेव सिंह हुर्रा की मौत हो गई थी। फिलहाल खैरागढ़ की इस घटना को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
