Monday, March 9, 2026
Homeअपराधबिलासपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: मामूली विवाद में पति ने...

बिलासपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: मामूली विवाद में पति ने की पत्नी की हत्या, घर खाली करने को लेकर हुआ था विवाद, आरोपी फरार..!!

बिलासपुर। रंगों के त्योहार रंगपंचमी के दिन बिलासपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली घरेलू विवाद ने इतना खतरनाक रूप ले लिया कि एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है, जबकि आरोपी पति वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है।

यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित MIG-33 का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान पुष्पलता यादव (37 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं हत्या का आरोप उसके पति युवराज यादव (43 वर्ष) पर है। आरोपी मूल रूप से बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र के मोहन भाटा का रहने वाला बताया जा रहा है और पिछले कुछ समय से नेहरू नगर में किराए के मकान में पत्नी के साथ रह रहा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से कुछ देर पहले मकान मालकिन किराएदारों को घर खाली करने की बात कहने उनके घर पहुंची थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि उस समय आरोपी पति नशे की हालत में था। मकान खाली करने की बात को लेकर वह अपनी पत्नी से गाली-गलौज करने लगा और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

विवाद के दौरान आरोपी ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट करते हुए वह पत्नी को घर के अंदर बाथरूम के पास ले गया और गुस्से में उसका सिर दीवार पर पटक दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने के कारण पुष्पलता यादव लहूलुहान होकर गिर पड़ी। गंभीर चोटों की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी पति की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

रंगों और खुशियों के पर्व रंगपंचमी के दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जिस दिन लोग रंगों और उत्सव में डूबे थे, उसी दिन एक परिवार में ऐसा खौफनाक हादसा हो गया, जिससे मोहल्ले में मातम का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कह रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts