
बिलासपुर। शासन की सख्त कोशिशों और सुरक्षा के तमाम दावों के बावजूद सड़कों पर मवेशियों की मौत का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार देर रात एक बार फिर दर्दनाक हादसा सामने आया, जब बिलासपुर-कोरबा हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर बैठे मवेशियों के झुंड को बेरहमी से कुचल डाला। इस दिल दहला देने वाले हादसे में 8 गायों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। हादसे का सबसे वीभत्स दृश्य तब सामने आया, जब एक गर्भवती गाय का पेट फट गया और उसका बछड़ा सड़क पर आ गया — दोनों की वहीं दर्दनाक मौत हो गई।
यह भयावह घटना **कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरी स्थित सीमा फ्यूल्स के पास रतनपुर रोड पर** हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक चालक इतनी तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था कि उसने मवेशियों को देखने तक की जहमत नहीं उठाई। वह झुंड को रौंदते हुए मौके से फरार हो गया। हादसे की गूंज तुरंत आसपास के गांवों में फैल गई और गौ सेवक बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। मवेशियों के शव देखकर वे आक्रोशित हो उठे और उन्होंने हाईवे पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी होने लगी।

सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को काबू में करने की कोशिश की। काफी देर तक समझाइश के बाद गौ सेवक शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया। हालांकि, उन्होंने प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी कि यदि जल्द ही प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

गौ सेवकों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही और उदासीनता के कारण लगातार मासूम मवेशियों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि हाईवे पर मवेशियों की आवाजाही रोकने के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं हैं। न तो उचित बैरिकेड्स हैं, न ही रात के समय किसी प्रकार की गश्त या निगरानी की व्यवस्था। इस वजह से आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं और निर्दोष जानवर मौत के शिकार बन रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी बताया कि इस इलाके में अक्सर मवेशी सड़क किनारे या बीच में बैठे रहते हैं और कई बार हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन ने न तो कोई सुरक्षा उपाय किया है और न ही लापरवाह वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने होंगे, तभी इन घटनाओं पर रोक लगेगी।

इस भीषण हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था कितनी लचर है और प्रशासनिक दावे जमीनी स्तर पर कितने खोखले साबित हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
