
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तेज रफ्तार और स्टंटबाजी एक नाबालिग की मौत का कारण बन गई। कड़ाके की ठंड के बीच रविवार सुबह सड़क पर चल रही बाइक रेसिंग के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। तीन बाइक सवारों के बीच होड़ लगी थी, तभी एक बाइक अनियंत्रित होकर पहले पान ठेले से टकराई और फिर सीधे नाले में जा गिरी। इस हादसे में 16 वर्षीय नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक नाबालिग यामाहा R15 बाइक चला रहा था और अन्य दो बाइक सवारों के साथ तेज रफ्तार में रेसिंग कर रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक पर नियंत्रण नहीं रह सका और वह हादसे का शिकार हो गया। बाइक समेत नाबालिग नाले में गिर पड़ा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

यह घटना सकरी थाना क्षेत्र के आसमां सिटी के पास रविवार सुबह करीब 7 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों बाइक सवार बेहद तेज गति में थे। हादसे के बाद साथ रेसिंग कर रहे अन्य बाइक सवार मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान प्रेम कुमार सिंह (16 वर्ष), पिता रामबाबू सिंह, निवासी राजकिशोर नगर, सरकंडा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि नाबालिग को बाइक किसने उपलब्ध कराई और किन परिस्थितियों में वह वाहन चला रहा था। यह हादसा एक बार फिर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, तेज रफ्तार और स्टंटबाजी के खतरों को उजागर करता है।
सड़क सुरक्षा माह में हुआ हादसा
गौरतलब है कि प्रदेश में इन दिनों सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को आईजी डॉ. संजीव शुक्ला, एसएसपी रजनेश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की थी। पुलिस लगातार हेलमेट पहनने, शराब पीकर वाहन न चलाने और सुरक्षित ड्राइविंग को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है। बावजूद इसके, लापरवाही और नियमों की अनदेखी जानलेवा साबित हो रही है।
