Tuesday, February 10, 2026
Homeअपराधशराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, बच्चों की पढ़ाई से ज्यादा...

शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, बच्चों की पढ़ाई से ज्यादा बोतल पर था ध्यान, वीडियो वायरल होते ही निलंबन…

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। विकासखंड लोरमी अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला लाखासार में पदस्थ सहायक शिक्षक लक्ष्मण कोलाम के शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। यह घटना 05 जनवरी 2026 की बताई जा रही है।

वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली एलपी डाहिरे ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

बीईओ लोरमी ने घटना की पुष्टि करते हुए डीईओ को मौखिक सूचना दी और शिक्षक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की थी। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि शराब के नशे में विद्यालय आना शासकीय सेवा नियमों का गंभीर उल्लंघन है और इससे न केवल विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रभावित होती है, बल्कि शिक्षा विभाग की साख को भी ठेस पहुंचती है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 (1,2,3) का उल्लंघन मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (नियंत्रण, वर्गीकरण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 09 (क) के तहत निलंबन की कार्रवाई की। निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, लोरमी निर्धारित किया गया है। इस दौरान वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे।

शिक्षा विभाग द्वारा की गई इस सख्त कार्रवाई को स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि शिक्षकों के आचरण और अनुशासन में किसी भी तरह की लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts