Sunday, March 29, 2026
Homeअपराधआबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों का उग्र हमला, अधिकारी को ढाई...

आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों का उग्र हमला, अधिकारी को ढाई घंटे तक बनाया बंधक, मुखबिर और चालक की बेरहमी से पिटाई, सरकारी वाहन में की गई तोड़फोड़…

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आबकारी विभाग की कार्रवाई उस समय हिंसक हो गई, जब कार्रवाई के लिए पहुंची टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने आबकारी अधिकारी को करीब ढाई घंटे तक बंधक बनाए रखा, जबकि मुखबिर और वाहन चालक के साथ जमकर मारपीट की गई। घटना में सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। मामला उरगा थाना क्षेत्र के भैसमा गांव का है, जहां फिलहाल तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम आज नारायण सिंह कंवर के नेतृत्व में स्कॉर्पियो वाहन से भैसमा गांव में कार्रवाई करने पहुंची थी। टीम में दो वर्दीधारी कर्मचारी, एक मुखबिर और वाहन चालक शामिल थे। गांव पहुंचते ही किसी बात को लेकर ग्रामीणों और टीम के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया और निकलने का रास्ता बंद कर दिया।

इस दौरान टीम प्रभारी नारायण सिंह कंवर को ग्रामीणों ने पकड़कर बंधक बना लिया। वहीं मुखबिर पताड़ी निवासी प्रमोद देवांगन और स्कॉर्पियो चालक के साथ जमकर मारपीट की गई। टीम के अन्य कर्मचारी किसी तरह जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर 112 की टीम भेजी गई, लेकिन ग्रामीणों के उग्र तेवर देखकर पुलिस टीम को वापस लौटना पड़ा। इसके बाद उरगा थाना पुलिस भारी बल के साथ गांव पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आबकारी अधिकारी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। सभी अधिकारी-कर्मचारी सुरक्षित रूप से उरगा थाना पहुंचे।

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों का गुस्सा खासतौर पर मुखबिर प्रमोद देवांगन को लेकर था। ग्रामीणों का आरोप है कि वह मुखबिरी के नाम पर अवैध वसूली करता है और कार्रवाई करवाकर लोगों को परेशान करता है। इसी आक्रोश के चलते उसकी पिटाई की गई। मारपीट के दौरान आबकारी विभाग की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई।

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। आबकारी अधिकारी आशा सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही अधिकारियों को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने कहा कि आबकारी विभाग की ओर से शिकायत मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts