Wednesday, February 18, 2026
Homeअन्य खबरेबिलासपुर में नारी शक्ति का अनोखा प्रदर्शन: सिर पर मटका लेकर दौड़ीं...

बिलासपुर में नारी शक्ति का अनोखा प्रदर्शन: सिर पर मटका लेकर दौड़ीं SECL अधिकारियों की पत्नियां, खेल मैदान में दिखा जोश और उत्साह, 300 से अधिक महिला प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा…

बिलासपुर। एसईसीएल मुख्यालय में महिलाओं की ऊर्जा, उत्साह और सहभागिता से सराबोर दो दिवसीय ‘एसईसीएल नारी शक्ति खेल महोत्सव–2025’ का सफल आयोजन किया गया। इस महोत्सव में विभिन्न खेल और मनोरंजक प्रतियोगिताओं के जरिए 300 से अधिक महिला प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

श्रद्धा महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस खेल महोत्सव का उद्देश्य कार्य और पारिवारिक जीवन के बीच बढ़ते तनाव को कम करना, सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना और महिलाओं को एक साझा मंच प्रदान करना रहा। आयोजन के दौरान एसईसीएल अधिकारियों की पत्नियां भी पूरे उत्साह के साथ मटका रेस, दौड़ और अन्य खेलों में भाग लेती नजर आईं।

28 प्रतियोगिताओं में दिखा जोश और रोमांच

महोत्सव में 50 व 100 मीटर दौड़, 4×50 मीटर रिले, बैडमिंटन, खो-खो, शतरंज और टेबल टेनिस जैसे खेलों के साथ-साथ मटका रेस, जलेबी रेस, तीन टांग दौड़ और नींबू दौड़ सहित कुल 28 खेल एवं फन गेम्स आयोजित किए गए। रविवार को सभी प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनका खिलाड़ियों और दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया।

रेड हाउस बना विजेता, पर्पल हाउस रही उपविजेता

एसईसीएल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सनिश चंद्र ने बताया कि प्रतियोगिताओं के लिए अलग-अलग हाउस बनाए गए थे। शानदार प्रदर्शन करते हुए रेड हाउस ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि पर्पल हाउस महज एक अंक से पीछे रहकर उपविजेता बनी। दोनों टीमों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा।

नारी शक्ति ही राष्ट्र की असली ताकत : सीएमडी

वसंत विहार स्पोर्ट्स ग्राउंड में आयोजित समापन समारोह में एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने विजेता और उपविजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति किसी भी संगठन और राष्ट्र की वास्तविक ताकत होती है। ऐसे आयोजन महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को सुदृढ़ करते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि एसईसीएल में महिला सशक्तिकरण केवल विचार नहीं, बल्कि सतत प्रक्रिया है और ‘नारी शक्ति खेल महोत्सव’ इसका सशक्त उदाहरण है।

गरिमामयी उपस्थिति में हुआ आयोजन

समारोह में सीएमडी हरीश दुहन और श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष शशि दुहन का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। मंच संचालन प्रियेशा चौरसिया और डॉ. संजीवनी पाणिग्रही ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महाप्रबंधक कल्याण श्यामला राव ने किया।

इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन सहित श्रद्धा महिला मंडल की पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Posts