बलौदाबाजार-भाटापारा। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार – भाटापारा सिमगा क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति पर हमला करवाने की साजिश रची। पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी अभी फरार है।

पुलिस के मुताबिक, भवानी नगर सिमगा निवासी उमाशंकर कुंभकार (36 वर्ष) की शादी करीब 9 माह पहले निशा कुंभकार से हुई थी। शादी से पहले से ही निशा का एक युवक से प्रेम संबंध था। विवाह के बाद पति के कारण प्रेमी से मिलने में बाधा आने लगी, जिसके चलते निशा ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

घटना 25 अक्टूबर की है। निशा ने अपने प्रेमी को सिमगा बुलाया और शाम करीब 7:30 बजे अपने पति उमाशंकर को यह कहकर बेमेतरा पुराने पुल के पास भेजा कि एक परिचित को पैसों की जरूरत है। मौके पर पहले से घात लगाए बैठे प्रेमी ने धारदार हथियार से उमाशंकर पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 596/2025 धारा 109, 61(2) (क) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
एसपी भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना सिमगा पुलिस ने जांच शुरू की और निशा कुंभकार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में निशा ने पति पर हमला करवाने की साजिश कबूल की।
पुलिस ने आरोपिया निशा कुंभकार (26 वर्ष) को 26 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं, पुलिस फरार प्रेमी की तलाश में जुटी हुई है।
आरोपिया: निशा कुंभकार (26 वर्ष) निवासी: भवानी नगर, सिमगा
