
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में एक महिला अपने तीन मासूम बच्चों के साथ रहस्यमय हालात में लापता हो गई है। मामला कबीरधाम जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र का है, जहां से महिला इलाज के बहाने मायके बिलासपुर के लिए निकली थी, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार, पांडातराई थाना अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 निवासी बिसेन कार्निक (34) ने अपनी पत्नी पुष्पनंदनी कार्निक (26) और तीन बच्चों के गुमशुदा होने की शिकायत दर्ज कराई है। पति ने पुलिस को बताया कि 2 फरवरी की दोपहर करीब 12 बजे उसकी पत्नी अचानक तबीयत खराब होने की बात कहकर बच्चों को साथ लेकर शारदा बस से बिलासपुर रवाना हुई थी।

शाम लगभग 6 बजे जब पति ने संपर्क करने की कोशिश की, तो महिला के दोनों मोबाइल फोन बंद मिले। इसके बाद ससुराल पक्ष से जानकारी ली गई, जहां से पता चला कि महिला वहां भी नहीं पहुंची है।

परिजनों ने उसी रात रिश्तेदारों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन बस चालक से पूछताछ करने पर उसने बताया कि महिला और तीनों बच्चों को महाराणा प्रताप चौक के पास उतारा गया था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं है।
पति ने पुलिस पर लगाए आरोप
लापता महिला के पति का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद पुलिस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है। उसने कहा कि उसकी पत्नी और बच्चों की तलाश में अपेक्षित प्रयास नहीं किए जा रहे। पीड़ित पति ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द महिला और बच्चों को सुरक्षित खोजने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन महिला और बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
