
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक दर्दनाक मामला सामने आया, जिसमें बीती रात एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने वाले सात आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। घटना तब हुई जब महिला सांस्कृतिक कार्यक्रम से लौट रही थी और उसे अकेला पाकर आरोपियों ने बर्बरता दिखाई।

मिली जानकारी के मुताबिक, 28-29 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे महिला को मोटरसाइकिल पर एक सुनसान जगह ले जाकर बारी-बारी से हमला किया गया। पीड़िता ने 30 सितंबर को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के तुरंत बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की मदद से पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। घोघरानाला इलाके से गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप मनहर, शिवम बंजारे, कृष्णा खुटे, अनिल महिलांगे, सूरज टंडन, दीपेश कुर्रे और शानू मीरझा शामिल हैं। सभी की उम्र 19 वर्ष बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया और बताया कि उन्होंने महिला को अकेला देखकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस अधीक्षक पाण्डेय ने कहा, यह कार्रवाई महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। महिला के खिलाफ किसी भी अपराध को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।

इस घटना ने जिले में महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पुलिस ने जल्द से जल्द आरोपियों को सजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
