
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। खेत में चारा लेने गई एक महिला की पराली की आग में झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना कसडोल थाना क्षेत्र के एक गांव की है। मृतिका की पहचान 50 वर्षीय प्रभा साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रभा साहू सुबह खेत में चारा लेने गई थी। इसी दौरान आसपास के खेतों में किसानों द्वारा पराली जलाई जा रही थी, जिससे पूरे इलाके में धुआं फैल गया।

बताया जा रहा है कि धुएं के कारण महिला की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर खेत में गिर पड़ी। घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था। करीब दो घंटे तक महिला खेत में ही पड़ी रही, इसी दौरान पराली की आग फैलते हुए उसके पास तक पहुंच गई और वह उसकी चपेट में आ गई। आग में झुलसने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

जब किसानों ने खेत में महिला को जलते हुए देखा तो तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी गई। सूचना मिलने पर कसडोल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि पराली के धुएं से महिला बेहोश हुई और इसके बाद आग की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
