
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान मंगल दास (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सेमरिया गांव स्थित अपने जीजा के घर आया हुआ था। परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ समय से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।

बताया जा रहा है कि बुधवार को घर के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान मंगल ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों को संदेह हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचने पर वह घायल अवस्था में मिला।

परिजनों ने तुरंत उसे पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले को आत्महत्या के प्रयास के रूप में दर्ज कर लिया है। शिवरीनारायण थाना पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
