
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नए साल के जश्न से पहले पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। चौक-चौराहों पर अड्डेबाजी कर नशाखोरी करने वाले युवकों को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर खदेड़ा और कई जगहों पर लाठियां भी बरसाईं। देर रात सड़कों पर बेवजह घूम रहे 16 युवकों को पकड़कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर और जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गुंडे-बदमाशों, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों और देर रात तक नशे की हालत में घूमने वालों पर सख्ती से कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में चेकिंग प्वाइंट लगाकर वाहन जांच भी की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
सिविल लाइन इलाके में विशेष दबिश
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि उनके क्षेत्र में उन स्थानों को चिन्हित किया गया था, जहां लगातार अड्डेबाजी और सार्वजनिक नशाखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। रविवार देर रात पुलिस टीम ने इन इलाकों में दबिश दी।
पुलिस को देखकर कई युवक भागने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। मौके पर ही उनकी सख्त समझाइश की गई और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मचा हुआ है और नए साल से पहले कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है।
