
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में स्थित व्यापार विहार शराब भट्टी एक बार फिर हिंसा और अव्यवस्था का केंद्र बन गई। देर रात शराब भट्टी परिसर में शराब के नशे में धुत युवकों के बीच हुई जबरदस्त मारपीट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। पूरा मामला तारबहार थाना क्षेत्र का है।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ युवक हाथों में लाठियाँ लिए एक-दूसरे पर टूट पड़े हैं। कोई घेराबंदी करता दिख रहा है, तो कोई लाठी और लात-घूसे बरसाते हुए विरोधियों को धराशायी करने की कोशिश कर रहा है। पूरे घटनाक्रम में आम ग्राहक डर के मारे इधर-उधर भागते नज़र आते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शराब पीने पहुंचे दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी हुई, जो कुछ ही मिनटों में बेकाबू होकर हिंसक संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कई युवक घायल हुए, जबकि कुछ घायल होकर मौके से भागते दिखे।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि, इस भट्टी में यह कोई पहली घटना नहीं है। आए दिन यहां झगड़े, मारपीट और हंगामे होते रहते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था नाममात्र की है। बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान भट्टी परिसर में मौजूद सुरक्षा गार्ड या तो नदारद थे या फिर घटनास्थल से दूर खड़े तमाशा देखते रहे।

गौरतलब है कि, इससे पहले पुराना बस स्टैंड स्थित शराब भट्टी में हुए मारपीट के दौरान एक युवक की शराब की बोतल फोड़कर हत्या कर दी गई थी। उस घटना ने प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने के लिए मजबूर किया था, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ।

व्यापार विहार क्षेत्र के लोग लगातार शराब भट्टी को लेकर शिकायतें करते आ रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने कहा कि रात होते ही भट्टी के बाहर नशे में धुत लोगों की भीड़ जमा हो जाती है, जिससे आए दिन झगड़े और रास्तों पर अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है।
अब इस ताजा वायरल वीडियो ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर भट्टी परिसर में सुरक्षा और नियंत्रण की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या प्रशासन इस बार कठोर कदम उठाएगा या फिर यह घटना भी सिर्फ वीडियो वायरल होने तक ही सीमित रह जाएगी?
