
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग छात्रा की जान चलती ट्रेन में हुए विवाद के चलते चली गई। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की रहने वाली 14 वर्षीय देविका वर्मा की लाश मस्तूरी थाना क्षेत्र के किसान-परसदा रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में मिली थी, जिसकी अब पहचान हो चुकी है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि देविका अपने बॉयफ्रेंड और दो अन्य युवकों के साथ घर से बिना बताए कोरबा जा रही थी। चारों डोंगरगढ़ से वेनगंगा एक्सप्रेस में सवार हुए थे। यात्रा के दौरान किसी बात को लेकर देविका और उसके बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि झगड़ा इतना बढ़ गया कि चलती ट्रेन में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी बॉयफ्रेंड ने देविका को ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

ऐसे हुआ खुलासा
सोमवार को मस्तूरी पुलिस को रेलवे ट्रैक पर अज्ञात लड़की का शव मिलने की सूचना मिली थी। पहचान नहीं होने पर शव को मॉर्च्यूरी में रखकर फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किए गए।

इसी बीच खैरागढ़ क्षेत्र से लापता छात्रा की सूचना मिलने पर परिजनों ने शव की पहचान देविका वर्मा के रूप में की।

पुलिस कार्रवाई
मामले में मस्तूरी पुलिस ने केस डायरी खैरागढ़ पुलिस को सौंप दी है। पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड और उसके साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
