
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए। अकलतरा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक महिला बैंक कर्मचारी से ATM के भीतर ही लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। गमछा से चेहरा ढंककर पहुंचे आरोपी ने महिला की आंखों में स्प्रे छिड़का और 50 हजार रुपये लेकर मौके से फरार हो गया।

कैश जमा करने गई थी कर्मचारी, आरोपी ने किया हमला
जानकारी के अनुसार मिनीमाता चौक के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के ATM में महिला कर्मचारी कैश जमा करने पहुंची थी। उसी दौरान आरोपी ATM में घुसा और अचानक हमला कर दिया। आंखों में स्प्रे पड़ते ही महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी रुपये लेकर फरार हो गया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
लूट की पूरी घटना ATM में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
अकलतरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज खंगालते हुए आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।
