
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र से ठीक पहले कांग्रेस संगठन ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायक दल में तीन अहम नियुक्तियों का ऐलान किया है, जिससे सियासी हलचल तेज़ हो गई है।

कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल को उपनेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। वहीं दलेश्वर साहू को मुख्य सचेतक और दिलीप लहरिया को उप सचेतक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इन नियुक्तियों के ज़रिये कांग्रेस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि विधानसभा के भीतर विपक्ष एकजुट होकर सरकार को घेरने की रणनीति के साथ मैदान में उतरेगा। बजट सत्र के दौरान जनहित से जुड़े मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी है।

इधर नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए नई टीम का स्वागत किया। उन्होंने लिखा कि नई जिम्मेदारियों के साथ अब सदन में संघर्ष और भी तेज़ होगा और कांग्रेस जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाएगी।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू हो रहा है। पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जबकि 24 फरवरी को वित्त मंत्री ओपी चौधरी वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट पेश करेंगे। यह सत्र 20 मार्च तक चलेगा।
