
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ जारी विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के महावीर नगर स्थित रामरामा रेसिडेंसी के पास तीन आरोपियों को प्रतिबंधित मादक पदार्थ कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.48 ग्राम कोकीन, एक लग्जरी कार और मोबाइल फोन सहित करीब 9 लाख रुपये की सामग्री बरामद की है।यह संयुक्त कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेन्द्र नगर थाना की टीम ने अंजाम दी। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ एक अहम कदम माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, 18 मई को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति रामरामा रेसिडेंसी के पास एक कार में बैठे हैं और अपने पास प्रतिबंधित मादक पदार्थ कोकीन रखकर उसकी बिक्री की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) डी. आर. पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक (पुरानी बस्ती) राजेश देवांगन और उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संजय सिंह ने तत्काल संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई के निर्देश दिए।

सूचना मिलने पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व न्यू राजेन्द्र नगर थाना की संयुक्त टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रामरामा रेसिडेंसी के पास एक संदिग्ध चारपहिया वाहन (Kia Seltos – CG/04/MV/1022) को घेरा। वाहन में मौजूद तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिनकी पहचान शुभांक पॉल, सागर पीटर और सिद्धार्थ पांडेय के रूप में हुई, जो रायपुर के निवासी हैं।

वाहन की तलाशी के दौरान टीम को उसमें छिपाकर रखा गया प्रतिबंधित मादक पदार्थ कोकीन बरामद हुआ। मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से कुल 7.48 ग्राम कोकीन, नकद राशि, तीन iPhone और घटना में इस्तेमाल की गई कार जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹9 लाख आंकी गई है।
आरोपियों के नाम
शुभांक पॉल (35 वर्ष) – निवासी कटोरा तालाब, मदर टेरेसा स्कूल के पास, थाना सिविल लाइन
सागर पीटर (33 वर्ष) – निवासी श्याम नगर क्रिश्चियन कॉलोनी, थाना तेलीबांधा
सिद्धार्थ पाण्डेय (34 वर्ष) निवासी शैलेन्द्र नगर, कन्या शाला के पास, थाना कोतवाली
