बिलासपुर। संघर्ष और जुनून जब एक साथ हो, तो सफलता ज़रूर कदम चूमती है। बिलासपुर के सिविल लाइन थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक शोभनाथ यादव ने यही साबित किया है। दिल्ली में 11 से 13 अप्रैल तक आयोजित 4वीं राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 में उन्होंने हैमर थ्रो में गोल्ड मेडल और डिस्कस थ्रो (तवा फेंक) में सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
शोभनाथ की यह उपलब्धि सिर्फ एक व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है। उनके इस प्रदर्शन के आधार पर उन्हें कोलंबो, श्रीलंका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी चुना गया है। यह पहला मौका नहीं है जब शोभनाथ ने अपनी खेल प्रतिभा से देशभर में नाम कमाया हो। इससे पहले भी वे कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुके हैं।
उनकी इस सफलता पर बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह समेत खेल प्रेमियों और पुलिस विभाग के साथियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
शोभनाथ की यह उपलब्धि न सिर्फ खेलों के प्रति उनके समर्पण को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि बुलंद हौसले और कड़ी मेहनत से कोई भी मंज़िल दूर नहीं। शोभनाथ ने बिलासपुर के साथ साथ छत्तीसगढ़ प्रदेश का भी नाम रोशन किया है।