
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां युवक की सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मृतक की पहचान करबला, मनोहर टॉकीज के पास रहने वाले शानू उर्फ अमन खान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक का कुछ स्थानीय युवकों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश को इस हमले की वजह माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच शनिचरी बाजार से हैप्पी स्ट्रीट जाने वाले मार्ग पर शानू पर अचानक हमला कर दिया गया। हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसके शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए।

सूत्रों का कहना है कि, मृतक और आरोपियों के बीच पहले भी कई बार झगड़े हो चुके थे। आशंका जताई जा रही है कि उसी दुश्मनी ने इस खौफनाक रूप ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया है।

वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चश्मदीदों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा जताया है। पूरे मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।

आखिरकार पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी विकास तिवारी और अन्य संदेहियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि पुराना विवाद आज के झगड़े की वजह बना। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
